◼️पीड़ितों को हरसंभव सहायता दिलाई जाएगी
विशाल वाणी.....✍🏻
दिल्ली :- राजधानी दिल्ली के पालम क्षेत्र में हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। इस दर्दनाक हादसे में नौ लोगों की मौत के बाद चारों ओर शोक और आक्रोश का माहौल है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप गुरुवार को घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की। मंत्री नरेंद्र कश्यप ने मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों, प्रत्यक्षदर्शियों और प्रशासनिक अधिकारियों से विस्तृत बातचीत कर घटना की पूरी जानकारी ली। उन्होंने हादसे के कारणों, राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति और घायलों के इलाज की व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों से सवाल किए।
पीड़ित परिवारों से मिलकर बंधाया ढांढस
मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार नरेंद्र कश्यप ने अग्निकांड में जान गंवाने वाले परिवारों के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें इस दुख की घड़ी में ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि किसी अपने को खोने का दर्द शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता, लेकिन सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।
उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए अस्पतालों में बेहतर इलाज सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
मुख्यमंत्रियों से करेंगे बात, मदद के लिए लिखेंगे पत्र
उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र भारत राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने स्पष्ट रूप से कहा कि इस गंभीर मामले को लेकर वे दिल्ली की मुख्यमंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात करेंगे। साथ ही, वे दोनों राज्यों के स्तर पर पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता, पुनर्वास और अन्य जरूरी मदद दिलाने के लिए औपचारिक पत्र भी लिखेंगे।
उन्होंने कहा कि यदि मृतकों या पीड़ितों का संबंध उत्तर प्रदेश से है, तो उनके परिवारों को राज्य सरकार की योजनाओं के तहत हरसंभव सहायता दिलाई जाएगी।
जांच और जिम्मेदारी तय करने की मांग
मंत्री ने इस हादसे को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि इसकी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए, ताकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता चल सके। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित करते हुए कहा कि यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
कश्यप समाज को दिया आश्वासन
बताया जा रहा है कि इस हादसे में राजेंद्र कश्यप और उनके परिवार के कई सदस्यों की मौत हुई है, जिससे कश्यप समाज में भी गहरा दुख व्याप्त है। मंत्री कश्यप ने समाज के लोगों से भी बातचीत की और उन्हें भरोसा दिलाया कि सरकार इस मामले में संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
इलाके में पसरा मातम, लोगों में दहशत
घटना के बाद से पूरे पालम इलाके में मातम का माहौल है। स्थानीय लोग अब भी इस दर्दनाक हादसे से उबर नहीं पाए हैं। कई परिवारों के चिराग एक साथ बुझ जाने से क्षेत्र में गहरा शोक छाया हुआ है। फिलहाल प्रशासन द्वारा राहत और सहायता कार्य जारी हैं, वहीं इस घटना ने एक बार फिर शहरी क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।