रिपोर्ट :- विकास शर्मा
हरिद्वार :- हरिद्वार की उपनगरी कनखल क्षेत्र में कनखल थाने के समीप देर रात्रि एक टेंट गोदाम में भीषण आग लग गई। जिसमें लाखों का सामान जलकर स्वाह हो गया। आग लगने से क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल व्याप्त हो गया। आग लगने की सूचना पर मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम द्वारा घंटो मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। गनीमत यह रही कि किसी भी जान की हानि नहीं हुई।
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार देर रात अचानक कनखल स्थित गीता टेंट हाउस के गोदाम से धुंआ निकलते देखा गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग को देखकर आसपास के लोग मौके एकत्रित हुए और आग को बुझाने का प्रयास किया। लोगों के प्रयास से आग नहीं बुझ पाई। इसी बीच फायर ब्रिगेड की टीम को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही मायापुर फायर स्टेशन से दमकल की एक यूनिट तत्काल मौके के लिए रवाना की गई।
घटनास्थल पर पहुंचने पर पाया गया कि दुकान के अंदर आग तेजी से फैल चुकी थी और चारों ओर घना धुआं भर गया था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मायापुर फायर स्टेशन से दो अतिरिक्त फायर यूनिट मौके पर भेजी गईं। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के साथ आग को फैलने से रोका गया, जिससे आसपास की दुकानों और मकानों को नुकसान होने से बचा लिया गया। आग इतनी भीषण थी कि टेंट, कपड़े, सजावटी सामग्री और अन्य उपकरण पूरी तरह जल गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। फायर अधिकारी वंश बहादुर यादव के अनुसार आग लगने की घटना के बारे में सीसी फुटेज द्वारा जानकारी जुटाई जा रही है। संभावित है शॉर्ट सर्किट के कारण टेंट गोदाम में आग लगी थी।