रिपोर्ट :- अजय रावत
गाजियाबाद :- यूनियन बैंक ऑफ़ इंडिया द्वारा गाजियाबाद और नोएडा रेंज में मेगा एमएसएमई आउटरेज कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में 50 से ज्यादा एमएसएमई से जुड़े व्यक्तियों को उनके लोन के सैंक्शन लेटर प्रदान किए गए। इन लेटर्स के माध्यम से एमएसएमई उद्यमियों को व्यापार में नई संभावनाओं के लिए वित्तीय मदद मिलेगी, जिससे उनका आत्मविश्वास और व्यापार के प्रति दृष्टिकोण और मजबूत होगा। इस अवसर पर दिल्ली जोन के चीफ जनरल मैनेजर संजय नारायण, जनरल मैनेजर सेंट्रल ऑफिस गिरीश जोशी, रीजन हेड राजेश कुमार सिंह, एजीएम सुशील कुमार, संदीप सैनी सुरजीत सिंह और नोएडा गाजियाबाद के ब्रांच मैनेजर मौजूद रहे।
चीफ जनरल मैनेजर संजय नारायण ने बताया कि यूनियन बैंक ऑफ़ इंडिया के मेगा आउटरेज कैंप का आयोजन एमएसएमई सेक्टर को बढ़ावा देने और उन्हें बुनियादी वित्तीय सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से किया गया था। बैंक ने विभिन्न योजनाओं के तहत ऋण सैंक्शन किए, जो उद्यमियों को उनकी आवश्यकताओं के अनुसार मदद प्रदान करेंगे। यह कदम उद्योगों को सरकारी योजनाओं के माध्यम से वित्तीय सहायता प्राप्त करने में सहायक सिद्ध होगा। कैंप में प्रधानमंत्री जन धन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं समेत एमएसएमई से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत ऋण सैंक्शन किए गए।
इससे वे अपने कारोबार को आगे बढ़ाने में सक्षम होंगे। यूनियन बैंक ऑफ़ इंडिया की यह पहल एमएसएमई क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित हो रही है। यह केवल ऋण सैंक्शन तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यह एक ऐसे प्लेटफॉर्म के रूप में कार्य करता है, जो व्यापारियों को वित्तीय सहायता के साथ-साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभों से भी अवगत कराता है। एमएसएमई सेक्टर की सफलता में इस प्रकार की पहल महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है, क्योंकि छोटे व्यापारों के लिए हमेशा वित्तीय सहायता का संकट रहा है।