रिपोर्ट :- अजय रावत
गाज़ियाबाद :- सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी द्वारा आयोजित एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस एवं पश्चिम उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों की बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व राज्य मंत्री अरविंद राजभर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए अरविंद राजभर ने कहा कि अक्सर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी को केवल पूर्वांचल की पार्टी के रूप में देखा जाता है, जबकि वास्तविकता यह है कि पार्टी पूरे उत्तर प्रदेश के गरीबों, वंचितों, अतिपिछड़ों, किसानों, मजदूरों एवं उपेक्षित समाज के अधिकारों की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सम्मान और न्याय पहुँचाना है।
उन्होंने बताया कि 31 जुलाई 2026 को तालकटोरा इंडोर स्टेडियम, नई दिल्ली में आयोजित होने वाली सामाजिक समरसता महारैली का उद्देश्य पूरे प्रदेश के कार्यकर्ताओं को एक मंच पर लाना और यह संदेश देना है कि सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी केवल पूर्वांचल तक सीमित नहीं है, बल्कि पश्चिम उत्तर प्रदेश सहित पूरे प्रदेश में उसका व्यापक जनाधार और प्रभाव है।
कार्यक्रम के आयोजक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष, व्यापार प्रकोष्ठ, श्री राम अवतार जिंदल ने बताया कि आज पश्चिम उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक रैली की तैयारियों की समीक्षा तथा उसे ऐतिहासिक बनाने के उद्देश्य से आयोजित की गई। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले को अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य दिया गया है।
श्री जिंदल ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि 31 जुलाई की सामाजिक समरसता महारैली ऐतिहासिक होगी। यह रैली पार्टी की संगठनात्मक शक्ति, अनुशासन और सामाजिक न्याय के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का परिचय पूरे देश को देगी तथा दिल्ली सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के विशाल जनसमर्थन की साक्षी बनेगी।
बैठक में पश्चिम उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा रैली को सफल बनाने का संकल्प लिया।