8वीं बटालियन NDRF द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस उत्साहपूर्वक मनाया




रिपोर्ट :- अजय रावत 

गाजियाबाद :- विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 8वीं बटालियन, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) द्वारा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की गईं। इस अवसर पर बटालियन के बचावकर्मियों (Rescuers) के साथ-साथ उनके परिवारों ने भी बढ़-चढ़ कर भाग लिया।

इस उपलक्ष्य में आयोजित वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत बटालियन परिसर एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में सैकड़ों पौधे रोपे गए। इस पहल का उद्देश्य पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना और आपदा जोखिम न्यूनीकरण में हरित क्षेत्र की भूमिका को रेखांकित करना था। बच्चों समेत सभी परिजनों की सक्रिय भागीदारी ने इस आयोजन को एक सामूहिक जागरूकता अभियान का रूप दे दिया।

इस अवसर पर बटालियन के सेनानी के नेतृत्वा में कुणाल तिवारी, उप सेनानी ने सभी को संबोधित करते हुए वर्ष 2025 की विश्व पर्यावरण दिवस की थीम – "प्लास्टिक प्रदुषण हटाओ" पर प्रकाश डाला। साथ ही भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे अभियान "एक पेड़ माँ के नाम" का भी उल्लेख किया गया, जो भावनात्मक जुड़ाव के साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देता है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि वे अपने दैनिक जीवन में पर्यावरण अनुकूल आदतें अपनाएं और अपने बच्चों को भी इस दिशा में प्रेरित करें।

यह आयोजन केवल NDRF की आपदा प्रतिक्रिया क्षमताओं को ही नहीं दर्शाता, बल्कि हरित एवं सुरक्षित भविष्य के प्रति उसकी सतत प्रतिबद्धता को भी उजागर करता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post