◼️मनुष्य को जो फल एक हजार अश्वमेध और एक सौ राजसूय यज्ञों से मिलता है वही देवउठनी एकादशी से मिलता है
रिपोर्ट :- अजय रावत
गाजियाबाद :- आचार्य दीपक तेजस्वी ने कहा कि देवउठनी एकादशी पर भगवान श्रीहरि विष्णु के चार मास की योग निंद्रा से जाग्रत होने के साथ ही सभी मांगलिक कार्य पुनः शुरू हो जाएंगे। देवउठनी एकादशी शुक्रवार 20 नवंबर को मनाई जाएगी, हालांकि वैष्णव संप्रदाय के लोग 21 नवंबर को देवउठनी एकादशी मनाएंगे। आचार्य दीपक तेजस्वी ने बताया कि स्मार्त यानि गृहस्थ तथा वैष्णव संप्रदाय के व्रत के नियम अलग-अलग होने के कारण ही देवउठनी एकादशी 20 और 21 नवंबर को दो दिन मनाई जाएगी। 20 नवंबर को सूर्योदय के समय दशमी तिथि होगी।
एकादशी तिथि सूर्योदय के बाद सुबह 7 बजकर 15 मिनट पर शुरू होगी और इसका समापन 21 नवंबर को सूर्योदय से पहले सुबह 6 बजकर 31 मिनट पर हो जाएगा। स्मार्त परंपरा को मानने वाले गृहस्थ लोग उस दिन व्रत रखते हैं, जिस दिन एकादशी तिथि दोपहर या रात रात्रि व्यापिनी में पड़ती है। इसी कारण सामान्य गृहस्थ लोग 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी मनाएंगे और उसी दिन व्रत रखेंगे। वहीं वैष्णव संप्रदाय के लोग जिस दिन सूर्योदय के समय दशमी तिथि हो, को वर्जित मानते हैं और द्वादशी युक्त एकादशी को महत्व देते हैं। 20 नवंबर की सुबह सूर्योदय के समय दशमी तिथि है। इसी कारण वैष्णव संप्रदाय के अनुयायी 21 नवंबर को व्रत रखेंगे। 21 नवंबर को द्वादशी तिथि पर तुलसी विवाह का आयोजन भी किया जाएगा।
आचार्य दीपक तेजस्वी ने कहा कि देवउठनी एकादशी जिसे प्रबोधिनी एकादशी भी कहा जाता है, का बहुत अधिक महत्व है। खुद ब्रहमा जी ने इस एकादशी को लेकर कहा है कि मनुष्य को जो फल एक हजार अश्वमेध और एक सौ राजसूय यज्ञों से मिलता है वही प्रबोधिनी एकादशी से मिलता है। देवउठनी एकादशी के व्रत से अनेक जन्म में किए हुए पाप समूह क्षणभर में भस्म हो जाते हैं। संसार में उसी मनुष्य का जीवन सफल है जिसने हरि प्रबोधिनी एकादशी का व्रत किया है। ब्रहमा जी के अनुसार इस दिन जो मनुष्य भगवान की प्रसन्नता के लिए स्नान, दान, तप और यज्ञादि करते हैं, वे अक्षय पुण्य को प्राप्त होते हैं। इस दिन रात्रि जागरण का फल चंद्र, सूर्य ग्रहण के समय स्नान करने से हजार गुना अधिक होता है। जो मनुष्य इस व्रत को नहीं करते उनके अन्य पुण्य भी व्यर्थ ही हैं।