◼️लोहियानगर स्थित हिंदी भवन में होने वाली संगोष्ठी की समीक्षा बैठक में तैयारियों को लेकर चर्चा हुई
रिपोर्ट :- अजय रावत
गाजियाबाद :- नव सृजन चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा 5 जुलाई को लोहिया नगर स्थित हिंदी भवन, में ष्ध्यान अनुभूति एवं कर्मयोगः एक परिचय विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। संगोष्ठी में ऑनलाइन गीता अध्ययन एवं ब्रह्ममुहूर्त ध्यान साधना के प्रणेता दिनेश कुमार मार्गदर्शन प्राप्त करेंगे। मुख्य सयोजक अनिल अग्रवाल सांवरिया ने बताया कि संगोष्ठी प्रातः 7 बजे से 10.30 बजे तक होगी, जिसका उद्देश्य ध्यान एवं कर्मयोग के माध्यम से मानसिक शांति, तनावमुक्त जीवन, निर्णय क्षमता में सुधार तथा कर्म में उत्कृष्टता की प्रेरणा प्रदान करना है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ध्यान और आध्यात्मिक मूल्यों का महत्व निरंतर बढ़ रहा है, जो व्यक्ति को संतुलित, सकारात्मक एवं सार्थक जीवन जीने की दिशा प्रदान करते हैं। संगोष्ठी के लिए शहर के नागरिकों को परिवार सहित आमंत्रित किया गया है। योगी प्रवीण आर्य ने बताया कि आयोजन के उपरांत सात्विक यौगिक आहार की व्यवस्था भी रहेगी।योगाचार्य व वरिष्ठ समाजसेवी देवेन्द्र हितकारी ने बताया कि ऐसे कार्यक्रम सहभागिता जीवन में संतोष, सफलता एवं आत्मिक शांति प्राप्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम की विशेषता यह होगी कि प्रतिभागियों को ध्यान का प्रयोगात्मक अभ्यास भी कराया जाएगा। ध्यान के नियमित अभ्यास से मन हल्का एवं शांत होने लगता है, मन और चित्त की शुद्धि होती है तथा शरीर और मन से जुड़े अनेक विकारों से मुक्ति मिलने लगती है। इससे आनंद एवं परिपूर्णता की अनुभूति प्राप्त होती है। उन्होंने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपने ईष्ट-मित्रों एवं परिवारजनों सहित इस दिव्य आध्यात्मिक संगोष्ठी में भाग लेकर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करें।